मेयर के करीबीयों पर टेंडर की बंदरबांट के आरोप को लेकर कांग्रेसियों ने विकास भवन में दिया धरना, वार्डों के विकास की अनदेखी का भी आरोप

वसुन्धरा दीप डेस्क, रुद्रपुर। शहर स्थित विकास भवन में नगर निगम के मेयर रामपाल के खिलाफ कांग्रेसजन धरने पर बैठे। जहां उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में मेयर की मिलीभगत से करीबी लोगों की कपंनी को टेंडर दिलवाने का आरोप लगाया है अैर नगर निगम के वार्डों की अनदेखी का भी आरोप लगाया है। कांग्रेसजनों ने यह भी कहा कि सीडीओ पर नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार होने के चलते वह टेंडर प्रक्रिया पर भी ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। जिसके बाद कांग्रेसियों को समझाने आये सीडीओ विशाल मिश्रा ने आश्वासन दिया कि पार्षदों के आरोपों की जांच कराई जाएगी और किसी भी हाल में मनमानी नहीं होने दी जाएगी।
पार्षदों के धरने को समर्थन देने उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी भी पहुंचे। साथ ही यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने भी विकास भवन पहुंचकर पार्षदों को भरोसा दिलाया कि इस लड़ाई में वह उनके साथ हैं। भुवन कापड़ी ने कहा कि पार्षदों को कार्य का समान विभाजन होना चाहिए लेकिन नगर निगम में ऐसा नहीं हो रहा, मेयर मनमानी कर रहे हैं जो सही नहीं है। सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि सरकार मनमानी पर उतारू है। एक तरफ युवाओं का शोषण किया जा रहा है तो दूसरी ओर पार्षदों के जरिए क्षेत्र की जनता का। उन्होंने कहा कि आम लोगों की लड़ाई में वह हर समय साथ खड़े हैं।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने भी मेयर पर गंभीर आरोप लगाए। वही पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा और पार्षद मोनू निषाद व मोहनखेड़ा ने कहा कि नगर निगम में मेयर की मनमानी अब और नहीं चलेगी। उन्होंने नगर आयुक्त को कुछ कंपनियों के भी नाम दिए और बताया कि मेयर इसमें पार्टनर की भूमिका निभा रहे हैं और इन्हीं कंपनियों को काम दिया गया है। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, अनिल शर्मा, प्रीति साना, साधना, सोफिया नाज आदि मौजूद थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement