मध्य प्रदेश में 12 आदिवासी परिवारों के घर गिराने पर विवाद, CM मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश
भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कोसमी गांव में 12 आदिवासी परिवारों के मकान गिराए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यह कदम केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बाद उठाया गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने और उनकी फसल नष्ट किए जाने की कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है और उन्होंने पहले भी अधिकारियों से इन परिवारों को परेशान नहीं करने के लिए कहा था, क्योंकि वे लंबे समय से वहां रह रहे हैं। शिवराज ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
मामले के सामने आने के बाद अब सरकार की जांच पर नजर रहेगी। जांच में मकान गिराए जाने की परिस्थितियों, प्रशासनिक कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।





