रुद्रपुर में बाघ एक्सप्रेस की टक्कर से हाथी की मौत, रेलवे ट्रैक पर मचा हड़कंप
# रुद्रपुर में बाघ एक्सप्रेस की टक्कर से हाथी की मौत, रेलवे ट्रैक पर मचा हड़कंप
**रुद्रपुर।** लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। घटना के बाद वन विभाग और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
हादसा तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज में हुआ। सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हाथी की मौत के बाद रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा और ट्रेनों की गति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
**टूटकर दूर जा गिरा हाथी का दांत**
टक्कर के दौरान हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा, जिसे रेलवे प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दांत वन विभाग को सौंपा जाएगा।
**विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम**
वन विभाग के अनुसार, मृत हाथी के शव का बुधवार सुबह 11 बजे विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाना निर्धारित है। इसके बाद शव का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
**ट्रेन की गति की भी होगी जांच**
हादसे के बाद यह सवाल उठ रहा है कि ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। वन विभाग हादसे की परिस्थितियों और ट्रेन की गति से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया है। अब जांच के निष्कर्षों से हादसे के कारणों का पता चलने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने की उम्मीद है।




