अफगानिस्तान के बदख्शां में धमाका, तालिबान के मेयर की मौत; दो हफ्ते में दूसरा बड़ा हमला

खबरे शेयर करे -

अफगानिस्तान के बदख्शां में धमाका, तालिबान के मेयर की मौत; दो हफ्ते में दूसरा बड़ा हमला

अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में एक बड़े धमाके में तालिबान प्रशासन के मेयर हबीब उर रहमान मंसूर की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार देर रात फैजाबाद में हुई, जब मंसूर अपनी गाड़ी में मौजूद थे। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने उनकी मौत की पुष्टि की है।

पिछले दो हफ्तों में बदख्शां में तालिबान प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी पर यह दूसरा जानलेवा हमला है। इससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

इससे पहले बदख्शां के सूचना और संस्कृति निदेशक जबीहुल्लाह अमीरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह एक स्थानीय जिले से फैजाबाद लौट रहे थे, तभी दो बंदूकधारियों ने उन पर हमला किया था।

अमीरी के सुरक्षा गार्डों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक हमलावर को मार गिराया था, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों घटनाओं के पीछे हमले की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब तालिबान 15 अगस्त 2021 को सत्ता में वापसी की पांचवीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है।


खबरे शेयर करे -