



रूद्रपुर में 18वें अखण्ड महानाम संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का शुभारम्भ
रूद्रपुर। राधा कृष्ण महानाम यज्ञ सभा द्वारा नेताजी सुभाष पार्क, रविन्द्रनगर में आयोजित 18वें श्री श्री अखण्ड महानाम संकीर्तन एवं विशाल भंडारा कार्यक्रम का शुक्रवार से शुभारम्भ हो गया। कार्यक्रम के पहले दिन भारी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा आयोजन स्थल से रवाना होकर रविन्द्रनगर स्थित किच्छा बाईपास रोड पर बने लेक पैराडाईज झील पहुंची, जहां महिलाओं ने कलश में जल भरकर बैंड-बाजों की धुन पर भजन-कीर्तन करते हुए वापस आयोजन स्थल तक यात्रा निकाली। आयोजन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई।
आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार सायं 8 बजे अधिवास कार्यक्रम होगा। 10 मई को प्रातः 6 बजे से अखण्ड महानाम संकीर्तन शुरू होगा, जबकि दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आई कीर्तन मंडलियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। इनमें जय राधे सम्प्रदाय कोलकाता, ओम शांति सम्प्रदाय दिनेशपुर, जय जगन्नाथ सम्प्रदाय उड़ीसा, राधा रमन सम्प्रदाय दिल्ली, श्यामा सम्प्रदाय जगतपुरा तथा राधारानी सम्प्रदाय की मंडलियां शामिल हैं।
11 और 12 मई को अखण्ड महानाम संकीर्तन एवं भंडारा जारी रहेगा, जबकि 13 मई को कार्यक्रम का समापन एवं तुलसी पूजा की जाएगी।
कलश यात्रा में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, संजीव नन्दी, बृजेन मंडल, रमेन विश्वास, तरूण मंडल, राजू कुमार, रवि सरकार सहित आयोजन समिति के हीरा मंडल, विपुल गाईन, चन्दन देवनाथ, सुकुमार वैद्य, सरजीत मंडल, अभिताभ मल्लिक, संजय हाल्दार, विवेक महलदार, कार्तिक मंडल, विष्णु, प्रकाश अधिकारी समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। महिलाओं में उर्मिला, मंजू, सरस्वती, मधू, पायल, अंजली, पुष्पा, राधा, गायत्री, संजना, पार्वती और संगीता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

