झारखंड: चुटूपालू घाटी में ब्रेकफेल हाइवा ने 6 वाहनों को मारी टक्कर, दर्जनों घायल
रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को कोयला लदे हाइवा का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित हाइवा ने करीब आधा दर्जन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में दर्जनों यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को घटनास्थल से निकालकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दुर्घटना के कारण रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चुटूपालू घाटी में काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने एनएचएआई की रेस्क्यू टीम की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया। हादसे के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य करने के लिए पुलिस मौके पर तैनात रही।





