झारखंड: धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन फिर शुरू, 7 से 29 नवंबर तक मिलेगी सुविधा; इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

झारखंड: धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन फिर शुरू, 7 से 29 नवंबर तक मिलेगी सुविधा; इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 03309-03310 का संचालन 7 से 29 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इससे धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग रोड और पारसनाथ समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में राहत मिलेगी। करीब तीन महीने पहले इस ट्रेन का परिचालन बंद कर दिया गया था।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03309 धनबाद-दिल्ली स्पेशल प्रत्येक शनिवार यानी 7, 14, 21 और 28 नवंबर को चलेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03310 दिल्ली-धनबाद स्पेशल प्रत्येक रविवार यानी 8, 15, 22 और 29 नवंबर को संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार ट्रेन को माधो सिंह और ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर भी अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।

धनबाद से दिल्ली जाने वाली ट्रेन माधो सिंह स्टेशन पर शाम 6:58 बजे और ज्ञानपुर रोड पर शाम 7:10 बजे पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली-धनबाद स्पेशल ज्ञानपुर रोड पर रात 12:24 बजे और माधो सिंह पर 12:55 बजे ठहरेगी। यह ट्रेन पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया और अनुग्रह नारायण रोड होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। सांसदों की बैठक में ट्रेन का परिचालन दोबारा शुरू करने और अतिरिक्त ठहराव देने की मांग उठाई गई थी, जिसके बाद रेलवे ने यह निर्णय लिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement