-->

गौवंश संरक्षण स्क्वाड और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 300 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद

खबरे शेयर करे -

गौवंश संरक्षण स्क्वाड और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 300 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद

दो आरोपी गिरफ्तार, फायरिंग कर फरार हुए दो आरोपियों की तलाश जारी

ऊधम सिंह नगर। गौवंश संरक्षण स्क्वाड कुमाऊं परिक्षेत्र एवं कोतवाली गदरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गौमांस तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस टीम ने गदरपुर क्षेत्र के गांधी कॉलोनी में एक वाहन से करीब 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद किया है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्विफ्ट डिजायर कार संख्या DL 2C AK 8699 की तलाशी ली, जिसमें प्रतिबंधित गौमांस मिला। मौके पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नईम पुत्र मोहम्मद अहमद, निवासी अगलगा थाना स्वार जनपद रामपुर और अबरार पुत्र बाबू खां, निवासी गांधी कॉलोनी गदरपुर के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी पुलिस टीम को देखकर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने मौके से वाहन के अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कुमाऊं परिक्षेत्र पुलिस द्वारा अवैध गौ-तस्करी और गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


खबरे शेयर करे -