



होली चौक पर हंगामा कर रहे युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
राहगीरों से गाली-गलौज और विवाद करने का आरोप, शांति भंग में हुई कार्रवाई
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक युवक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 17 जून को थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के होली चौक पर एक युवक द्वारा राहगीरों से अनावश्यक विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई का प्रयास किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा।
सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस के सामने भी विवाद जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान सारिक पुत्र गुड्डू (26 वर्ष), निवासी मूल रूप से रामपुर (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी होली चौक, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 125/126/135(3)/170 बीएनएसएस के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

