-->

किच्छा। नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया

खबरे शेयर करे -

किच्छा। नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

तहसील दिवस में समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद, सीसी मार्ग, सड़क निर्माण, सिंचाई गूल, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका और गैस आदि विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक सड़क निर्माण की मांग उठाई, जबकि कमलानगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने कच्चे मार्ग को पक्का बनाने का अनुरोध किया। इस पर नगर पालिका को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर स्थित अपनी कृषि भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की, जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग की, जिस पर सिंचाई विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पूर्व सभासद लियाकत अली ने वार्ड नंबर 3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन बिछाने, सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई तथा नहर की कवरिंग कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई तथा संबंधित अधिकारियों को नहर की सफाई एवं कवरिंग के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा लगाए गए समर्सिबल पंप से कनेक्शन दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में विधायक तिलक राज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे -