-->

2027 की चुनौती स्वीकार करने को तैयार कांग्रेस, उत्तराखंड को देंगे साफ-सुथरी सरकार : प्रीतम सिंह

खबरे शेयर करे -

2027 की चुनौती स्वीकार करने को तैयार कांग्रेस, उत्तराखंड को देंगे साफ-सुथरी सरकार : प्रीतम सिंह

काशीपुर। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व प्रदेश नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह आज राहुल गांधी की अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा में शामिल होने के लिए जाते समय कुछ देर के लिए काशीपुर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व काशीपुर मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल के कार्यालय पर रुके। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा मीडिया से भी रूबरू हुए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस के सामने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की बड़ी चुनौती है और पार्टी इस चुनौती का मजबूती से सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के लिए प्रदेश दौरे पर आ रहे है तथा अल्मोड़ा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रीतम सिंह ने कहा कि आज प्रदेश के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। सत्ता में बैठे लोगों ने जनता से बड़े-बड़े वादे और आकर्षक नारे दिए, लेकिन धरातल पर जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा सुनने में बहुत अच्छा लगता है, लेकिन बेटियां तभी पढ़ पाएंगी जब वे सुरक्षित होंगी। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना आज भी लोगों के जेहन में है और सरकार इस मामले में जनता का विश्वास पूरी तरह हासिल नहीं कर पाई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उनके साथ दमनकारी रवैया अपनाया जाता है और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में आज निराशा और अराजकता का माहौल बना हुआ है। प्रदेश की जनता बड़ी उम्मीद और विश्वास के साथ कांग्रेस की ओर देख रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस प्रदेशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी और वर्ष 2027 में उत्तराखंड को एक साफ-सुथरी, जवाबदेह और जनहितैषी सरकार देने का प्रयास करेगी। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


खबरे शेयर करे -