-->

एसएसपी अजय गणपति का देर रात औचक निरीक्षण, ड्यूटी में लापरवाही पर 9 पुलिसकर्मी निलंबित

खबरे शेयर करे -

एसएसपी अजय गणपति का देर रात औचक निरीक्षण, ड्यूटी में लापरवाही पर 9 पुलिसकर्मी निलंबित

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार देर रात हाईवे पर स्थापित पुलिस चेकिंग प्वाइंटों का निजी वाहन से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी गलत लोकेशन बताई। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी ने तत्काल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 4/5 अगस्त 2026 की रात पंतनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति पर फायरिंग की सूचना मिली थी। बताया गया कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक वारदात के बाद काशीपुर की ओर फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए।

इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति स्वयं रात करीब 12 बजे निजी वाहन से महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर सहित विभिन्न हाईवे चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण में कई स्थानों पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त दल के पुलिसकर्मी ड्यूटी स्थल से नदारद मिले।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी लोकेशन गलत बताई, जबकि वे निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे। इसे ड्यूटी में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और आदेशों की अवहेलना माना गया।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


खबरे शेयर करे -