मानसून में जलभराव से निपटने के लिए मेयर ने अधिकारियों संग किया बेगुल नदी का निरीक्षण

रुद्रपुर। आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव से निपटने के लिए मेयर रामपाल सिंह ने आज नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ संजय नगर, ठाकुर नगर के मध्य से होकर बहने वाली बेगुल नदी का निरीक्षण कर जायजा लिया। मेयर ने नगर निगम अधिकारियों को बरसात से पहले वृहद अभियान चलाकर नाले की सफाई कराने के निर्देश दिये। मेयर रामपाल ने कहा कि बरसात के दौरान बेगुल नदी से आबादी को खतरा बना रहता है। बेगुल नदी से होने वाले नुकसान को देखते हुए इसकी समय पर सफाई करायी जायेगी। मेयर ने कहा कि शहर को जलभराव से निजात दिलाने के लिए नगर निगम गंभीर है। पिछले साल जलभराव से शहर में भारी नुकसान हुआ था। जिसे देखते हुए पिछले दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष भी मामला उठाया था। जिसके बाद शासन के निर्देश पर शहर में विशेषज्ञों की टीम से सर्वे भी कराया गया। उन्होंने कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद शहर में जलभराव से निपटने के लिए बड़ा प्रोजेक्ट शुरु होने की उम्मीद है। फिलहाल नगर निगम अपने स्तर से जलभराव से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। शहर में कई नाले नालियों की सफाई हो चुकी है। जिन नालों की सफाई नहीं हो पायी है उनकी सफाई भी जल्द की जायेगी। उन्होंने शहरवासियों से नाले नालियों में कचरा न डालने की अपील भी की। निरीक्षण के दौरान मेयर ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, राजदेव जायसी, सेनेटरी इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह, गौतम सिंह, केशव सहित कई स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे।

मानसून में जलभराव से निपटने के लिए मेयर ने अधिकारियों संग किया बेगुल नदी का निरीक्षण

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement