खटीमा गौशाला को लेकर विधायक भुवन कापड़ी की फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले—जनता के पैसों से बनी है गौशाला, गौप्रेमी खुद जाकर देखें हकीकत

खटीमा गौशाला को लेकर विधायक भुवन कापड़ी की फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले—जनता के पैसों से बनी है गौशाला, गौप्रेमी खुद जाकर देखें हकीकत

 

खटीमा। खटीमा में नवनिर्मित गौशाला को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गौशाला की व्यवस्थाओं और निर्माण को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौशाला किसी सरकार के निजी पैसों से नहीं, बल्कि जनता के पैसों से बनी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गौशाला किसी ने अपने घर की एफडी तुड़वाकर नहीं बनाई है।

 

विधायक भुवन कापड़ी ने गौशाला में पशुओं की स्थिति और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं को दयनीय बताते हुए आरोप लगाया कि पशुओं को पहले जिस खुरली में चारा दिया जाता है, उसी को साफ करने के बाद उसमें पानी दिया जा रहा है। उन्होंने गौशाला की क्षमता को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कागजों और दावों में इसे 2,000 पशुओं की क्षमता वाला बताया जा रहा है, जबकि वहां लगभग 700 पशुओं के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।

 

भुवन कापड़ी ने भाजपा कार्यकर्ताओं, पशुप्रेमियों और आम जनता से अपील की कि वे गौशाला में जाकर वहां की वास्तविक स्थिति का स्वयं निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि गौसेवा और पशुओं की देखभाल से जुड़े विषय पर केवल दावों के बजाय जमीनी हकीकत को देखना जरूरी है।

 

पहले भी उठ चुके हैं गौशाला की व्यवस्थाओं पर सवाल

 

गौरतलब है कि इससे पहले भी विधायक भुवन कापड़ी गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा चुके हैं। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित भाजपा से जुड़े लोगों ने गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और विधायक द्वारा उठाए गए सवालों का खंडन किया था।

 

अब भुवन कापड़ी ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने आरोप दोहराते हुए आम जनमानस और गौप्रेमियों से गौशाला पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखने की अपील की है। ऐसे में गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज होने के आसार हैं। हालांकि, पशुओं की स्थिति, क्षमता और व्यवस्थाओं को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement