राजस्थान के जयपुर में गर्भवती महिला की हत्या, प्रेम प्रसंग में भतीजा गिरफ्तार
जयपुर में तीन दिन पहले हुई गर्भवती महिला किरण की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी और रिश्ते में भतीजे लगने वाले प्रवेश को गिरफ्तार किया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध था और वे बाराबंकी से जयपुर आकर किराये के कमरे में रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि किरण किसी अन्य युवक के संपर्क में है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शनिवार रात विवाद के दौरान आरोपित ने कथित तौर पर किरण की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के आंगन में गड्ढा खोदकर मिट्टी के नीचे दबा दिया।
रविवार को मकान मालिक के पहुंचने पर आसपास के लोगों ने घर से बदबू आने की जानकारी दी। आंगन में मिट्टी से महिला का हाथ बाहर दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपित की लोकेशन ट्रेस की और उसे भरतपुर-आगरा राजमार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





