राजस्थान: SI पेपर लीक मामले में दो और गिरफ्तार, अब तक 154 आरोपी पकड़े गए

राजस्थान: SI पेपर लीक मामले में दो और गिरफ्तार, अब तक 154 आरोपी पकड़े गए

राजस्थान में उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 154 हो गई है। एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयपुर निवासी देवेंद्र सैनी और बालोतरा निवासी डूंगर प्रकाश के रूप में हुई है।

जांच के मुताबिक, देवेंद्र सैनी पर अपने बेटे रविंद्र सैनी को कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में मदद करने का आरोप है। रविंद्र लिखित परीक्षा पास कर उप निरीक्षक पद पर चयनित हुआ था, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया गया है। देवेंद्र पर एक अन्य अभ्यर्थी को भी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में मदद करने का आरोप है। लंबे समय से फरार देवेंद्र ने जयपुर की अदालत में समर्पण किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। दोनों पिता-पुत्र की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दूसरे आरोपी डूंगर प्रकाश पर अपने साले अशोक कुमार की जगह परीक्षा में डमी अभ्यर्थी कमलेश कुमार को बैठाने की व्यवस्था करने का आरोप है। यह परीक्षा 15 सितंबर 2021 को आयोजित हुई थी। अशोक कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी मामले में पेपर लीक और परीक्षा में कथित धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement