गुरुद्वारे के निकट खड़ी दो कारों में बुधवार रात्रि में लगी आग

काशीपुर। नगर के मौहल्ला पक्काकोट अंतर्गत बड़े गुरुद्वारे के निकट बिजलीघर के आसपास खड़ी दो कारों में बुधवार रात अचानक आग लग गई। जब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक एक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार टंडन टेंट हाउस वालों के दामाद बंगलौर से यहां आये हुए हैं। बुधवार रात करीब ढाई बजे वे हरिद्वार से घूमकर काशीपुर लौटे और कार बिजलीघर के समीप खड़ी कर घर चले गये। पीछे से कार में शॉट सर्किट हो गया और आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसने पास में खड़ी संजीव सैनी की आई-टेन कार को भी लपेटे में ले लिया। इससे जहां टंडन की गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, वहीं आई-टेन के भी आगे से बोनट, इंजन, डैशबोर्ड आदि पूरी तरह जल गये। वहीं आग ने जहां ऊपर जा रहे बिजली के तारों को अपनी चपेट में ले लिया वहीं कुछ दूर खड़ी पंकज सैनी की कार को भी नुकसान पहुंचाया है।आसपास के लोगों ने बताया कि हांलाकि फायर बिग्रेड के आने से पहले कार पूरी तरह जल चुकी थी लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि यदि फायर बिग्रेड की गाड़ी नहीं आती तो आग आसपास के मकानों में भी लग सकती थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement