वर्कशाॅप का ताला तोड़कर पूलर व गेयर चोरी करने के मामले में दो चोर गिरफ्तार

काशीपुर। वर्कशाॅप का ताला तोड़कर पूलर व गेयर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी किये गये सामान समेत दो चोरों को गिरफ्तार किया है। ग्राम कुंडा निवासी मलूक सिंह पुत्र गुरनाम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसकी धान मंडी के पीछे वर्कशाॅप है। 13 फरवरी को सायं करीब छह बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया। अगले दिन चुनाव के कारण दुकान पर नहीं गया। 15 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान के गेट का ताला टूटा था। अन्दर जाकर देखा तो वहां एक पूलर व एक गेयर गायब था। जिसका वजन करीब 1.50 कुंटल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की। पुख्ता साक्ष्य एकत्र कर वसीम पुत्र अब्दुल लतीफ तथा सुनील पुत्र रामस्वरूप निवासीगण ग्राम सरवरखेड़ा को मुखबिर की सूचना पर ठाकुरद्वारा रोड की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर झाड़ियों के पास से गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए पूलर व गेयर बरामद कर लिये। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोहर चंद्र, कांस्टेबल नीरज बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट व त्रिलोक सिंह शामिल थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement