-->

सरकारी दफ्तर होंगे तंबाकू मुक्त, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

खबरे शेयर करे -

 

सरकारी दफ्तर होंगे तंबाकू मुक्त, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

ऊधम सिंह नगर:
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के तहत विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) की बैठक में जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने की।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को “तंबाकू मुक्त परिसर” घोषित किया जाएगा तथा परिसर में धूम्रपान या तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी।

सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह रोक रहेगी। स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी और साप्ताहिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

ग्रामीण क्षेत्रों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए हर गांव में “ग्राम स्तरीय समन्वय समिति” गठित की जाएगी। वहीं नेपाल सीमा के पास अवैध तंबाकू तस्करी रोकने के लिए जीएसटी विभाग को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस विभाग को जिलेभर में ई-सिगरेट और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ इन निर्देशों को सख्ती से लागू करना होगा।


खबरे शेयर करे -