बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (NH-80) की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में थाना चौक से प्रखंड सह अंचल कार्यालय तक अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई में कई पक्के निर्माण भी तोड़े गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के सहायक अभियंता मनीष कुमार और शेखर सिंह की देखरेख में अतिक्रमण हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित मापी के आधार पर सड़क की जमीन पर बने अवैध ढांचों को हटाया जा रहा है। जहां अतिक्रमण अधिक मिला, वहां भी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने पर्याप्त समय नहीं मिलने और जमीन की मापी को लेकर सवाल उठाए। वहीं, NHAI ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर बचा अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सड़क की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना है।





