बिहार: दीपावली-छठ पर घर लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें, ट्रेनें 11 घंटे तक लेट; स्पेशल में पैंट्री कार भी नहीं
दीपावली और छठ पर्व पर अपने घर बिहार लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना और दानापुर आने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस, पूजा स्पेशल और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। रेलवे ऐप पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कई ट्रेनें पांच से 11 घंटे तक विलंब से पहुंच रही हैं। दक्षिण भारत, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली से आने वाले यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। परिवार और बच्चों के साथ सफर कर रहे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।
सबसे ज्यादा देरी से आने वाली ट्रेनों में बेंगलुरु से दानापुर आने वाली दानापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11 घंटे 17 मिनट लेट रही। वहीं चरलापल्ली-पटना स्पेशल 10 घंटे 22 मिनट और संघमित्रा एक्सप्रेस 8 घंटे 56 मिनट विलंब से चल रही थी। इसके अलावा गुवाहाटी-बाड़मेर एक्सप्रेस करीब आठ घंटे और हावड़ा पूजा स्पेशल साढ़े सात घंटे से अधिक देरी से पहुंच रही थी। कई अन्य स्पेशल ट्रेनें भी तीन से चार घंटे तक विलंब से चल रही थीं।
ट्रेनों की देरी के साथ यात्रियों की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में पैंट्री कार की सुविधा नहीं है। पांच से 11 घंटे तक सफर में देरी होने के कारण यात्रियों को खाने-पीने का सामान जुटाने में दिक्कत हो रही है। स्टेशनों पर कम ठहराव के चलते पर्याप्त सामान खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं ट्रेनों के शौचालयों में सफाई की कमी से गंदगी बढ़ रही है। यात्रियों ने रेलवे से खानपान और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन के लिए निकलने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।




