बिहार: गंगा पार करने वाले किसानों से अवैध वसूली, हर बंडल पर 30 रुपये भाड़ा; सब्जियां भी निकालने का आरोप
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के चलते भागलपुर में गंगा पार करने के लिए फेरी सेवा किसानों और आम लोगों का प्रमुख सहारा बनी हुई है। लेकिन इस सेवा से जुड़े किसानों ने अवैध वसूली और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि जहाज पर सब्जियों और फलों के प्रत्येक बंडल के लिए 30 रुपये भाड़ा लिया जाता है। इसके बावजूद कुछ कर्मचारी बोरों से दो से चार किलो तक सब्जियां निकाल लेते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बरारी स्थित बियाडा घाट और नवगछिया के महादेवपुर घाट के बीच चलने वाली फेरी सेवा में अव्यवस्थाओं की शिकायतें भी सामने आई हैं। किसानों के अनुसार, घाट पर उतरने के बाद भी कुछ लोग जबरन सब्जियां लेने का प्रयास करते हैं। वहीं, रविवार को अंतिम जहाज पर वाहनों को चढ़ाने के दौरान शुल्क और दुर्व्यवहार को लेकर विवाद हो गया। एक बाइक सवार और फेरी कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
फेरी घाट पर कीचड़ भरे रास्ते और वाहनों के जाम ने भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। बियाडा की ओर जाने वाले मार्ग पर टोटो और ऑटो के अवैध पड़ाव से आवागमन प्रभावित हो रहा है। किसानों और यात्रियों ने प्रशासन से अवैध वसूली के आरोपों की जांच कराने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और घाट के रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग की है।




