राजस्थान: 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल पर FIR, ACB ने कसा शिकंजा
राजस्थान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 40 विला और कॉटेज की खरीद और उन्हें वापस कंपनी को लीज पर देने के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। एसीबी की प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताओं के संकेत मिले हैं।
जांच के अनुसार, शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने करीब ढाई साल के दौरान उदयपुर और अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में कंपनी से 20-20 विला और कॉटेज खरीदे थे। इसके बाद इन संपत्तियों को वापस उसी कंपनी को लीज पर दे दिया गया। आरोप है कि उद्योग विभाग में तैनाती के दौरान शिखर अग्रवाल ने अपने पद का दुरुपयोग कर कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया।
एसीबी की जांच में रिसॉर्ट्स के लिए भू-रूपांतरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मंजूरी और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में कथित गड़बड़ियां सामने आई हैं। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद 31 अक्टूबर को प्रारंभिक जांच शुरू की गई थी। विभिन्न विभागों से दस्तावेज जुटाए गए और आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने के बाद बुधवार को एफआईआर दर्ज की गई। इससे पहले सरकार ने शिखर अग्रवाल और उनकी पत्नी को उनके पदों से हटा दिया था।




