राजस्थान: ACS शिखर अग्रवाल पर आरोप, 40 विला खरीदने वाली कंपनी को मिला 115 करोड़ का पैकेज
राजस्थान के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) शिखर अग्रवाल निजी कंपनी से 40 विला खरीदने और उसी कंपनी को 115 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज मिलने के मामले में विवादों में घिर गए हैं। आरोप है कि उद्योग एवं निवेश विभाग का प्रभार संभालने के दौरान उन्होंने अलवर जिले के अनंता रिसोर्ट में गोयल फैशंस कंपनी से 40 विला और कॉटेज खरीदे थे। इनका पंजीयन 27 मार्च 2026 को हुआ था। इसी दिन राज्य सरकार ने कंपनी को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (RIPS)-2019 के तहत विशेष पैकेज मंजूर किया था।
इस पैकेज के तहत कंपनी को 10 वर्षों तक राज्य कर में 75 प्रतिशत सब्सिडी और बिजली शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी गई। निवेश बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की थी। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं और पूरे प्रकरण की सीबीआई तथा ईडी से जांच कराने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केवल शिखर अग्रवाल को एपीओ करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री को भी मामले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने शिखर अग्रवाल के कार्यकाल में लिए गए फैसलों की जांच कराने की मांग की है। वहीं, पद के दुरुपयोग और निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के आरोपों में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार शाम प्राथमिकी दर्ज की है। मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।




