झारखंड: विधानसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर घमासान, हटाने के प्रस्ताव पर भिड़े नेता

झारखंड: विधानसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर घमासान, हटाने के प्रस्ताव पर भिड़े नेता

झारखंड विधानसभा में एसआइआर को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के मुद्दे पर तीखी बहस हुई। जदयू विधायक सरयू राय ने सवाल उठाया कि लिखित संकल्प में ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की कोई बात शामिल नहीं है, इसके बावजूद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में इसका जिक्र कर दिया। इस पर विधानसभा में राजनीतिक माहौल गरमा गया।

मामले में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति और उन्हें हटाने की संवैधानिक प्रक्रिया निर्धारित है। सदन में इस तरह की चर्चा से गलत परंपरा शुरू हो सकती है। वहीं, राधाकृष्ण किशोर ने जवाब देते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने का अधिकार होता तो वे अब तक ऐसा कर चुके होते। सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष से निर्वाचन आयोग पर चर्चा की वैधानिकता की जांच करने की मांग की।

सत्र के दौरान एसआइआर प्रक्रिया को लेकर अन्य विधायकों ने भी अपनी बात रखी। जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने नाम और जन्मतिथि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाने की मांग की। वहीं, कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने आरोप लगाया कि एसआइआर के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement