



उपलब्धि:डीपीएस छात्रा हर्षा को CBSE मुख्यालय में किया गया सम्मानित
डीपीएस के चेयरमैन सुरजीत सिंह और वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर भी कार्यक्रम में रहे आमंत्रित
रुद्रपुर दिल्ली पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा हर्षा को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त करने पर सीबीएसई मुख्यालय ने विशेष आमंत्रण भेज कर सम्मानित किया मेधावी छात्रा हर्षा के साथ स्कूल के चेयरमैन सुरजीत सिंह और वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर भी आमंत्रित रहे
डीपीएस स्कूल की छात्रा हर्षा ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर
अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है
यह सफलता न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे जनपद एवं राज्य के लिए भी प्रेरणादायक क्षण है।
हर्षा की इस शानदार उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस सफलता ने उन्हें देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की श्रेणी में विशिष्ट स्थान दिलाया है।
इस असाधारण उपलब्धि के सम्मान में सीबीएसई मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा विशेष आमंत्रण दिया गया, जिसमें हर्षा, उनके अभिभावक तथा विद्यालय चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर एवं वाईस चेयरमेन हरमन सिंह ग्रोवर को आमंत्रित किया गया। यह सम्मान समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ, जहाँ शिक्षा जगत के शीर्ष अधिकारियों ने स्वयं हर्षा की सफलता की सराहना की।
इस अवसर पर सीबीएसई के सचिव हिमांशु गुप्ता (आईएएस), परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज एवं निदेशक (संबद्धता) जे.पी. चतुर्वेदी ने हर्षा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने हर्षा की मेहनत, लगन और दृढ़ निश्चय की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ देश के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनती हैं। साथ ही संयम भारद्वाज ने हर्षा को सीबीएसई पॉडकास्ट (CBSE Podcast) के लिए भी निमंत्र्ण दिया ।
उन्होंने हर्षा के अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और उनके मार्गदर्शन एवं समर्थन की सराहना की। साथ ही, डीपीएस रुद्रपुर के शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान कर उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित किए हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर हर्षा की सफलता को संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और समर्पित शिक्षण पद्धति का परिणाम बताया। चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी इसी दिशा में निरंतर प्रयास करता रहेगा।
हर्षा की इस उपलब्धि ने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार किया है। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श स्थापित करती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने हर्षा को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की है।

