बिहार: गांव की बेटी ने जर्मनी में बढ़ाया मान, डॉ. ऋचा मिश्रा को मिला रॉबर्ट कोच अवार्ड
बिहार के पालीगंज की डॉ. ऋचा मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बालीपाकर गांव निवासी कैप्टन हरि शंकर मिश्र की पुत्री डॉ. ऋचा को जर्मनी के बर्लिन में रॉबर्ट कोच फाउंडेशन की ओर से पोस्टडॉक्टोरल वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान हाइजीन और माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध के लिए मिला है।
डॉ. ऋचा का शोध टीबी बैक्टीरिया की प्रतिरोधक क्षमता और उसके जीवित रहने की रणनीतियों पर केंद्रित है। वह अध्ययन कर रही हैं कि बैक्टीरिया दवाओं के प्रति कम संवेदनशील कैसे होते हैं और इसके इलाज के नए रास्ते क्या हो सकते हैं। इससे भविष्य में टीबी के उपचार को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद है। उन्हें इससे पहले 2021 में इंस्पायरिंग साइंस अवार्ड और 2024 में स्विस टीबी अवार्ड भी मिल चुका है। वर्तमान में वह जर्मनी के हीडलबर्ग विश्वविद्यालय में शोध कार्य कर रही हैं।




