हरीश रावत की जनसंवाद यात्रा पर कांग्रेस का निर्देश, केसी वेणुगोपाल ने दी चेतावनी
**दिल्ली।** कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी के निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम करने की बात कही है। वेणुगोपाल की ओर से स्पष्ट किया गया कि पार्टी नेताओं के कार्यक्रम पार्टी के निर्देशों और प्रदेश प्रभारी के समन्वय के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देशों के बाद राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी पार्टी नेताओं के निजी कार्यक्रमों को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी स्तर पर यह संदेश दिया गया है कि निजी यात्रा या कार्यक्रमों को पार्टी की अनुमति और दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से धन्यवाद और जनसंवाद यात्रा जारी रहने की बात सामने आई है। रावत की इस यात्रा को लेकर कांग्रेस के भीतर भी राजनीतिक हलचल दिखाई दे रही है। आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी के निर्देशों की अनदेखी करते हुए अपनी यात्रा जारी रखी है।
हरीश रावत की यात्रा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रीतम सिंह समेत कई विधायकों के समर्थन की भी चर्चा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व और उत्तराखंड कांग्रेस के बीच इस मुद्दे को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।





