



संपत्ति के लालच में भाई बना भाई का दुश्मन, हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
देहरादून। देहरादून पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर क्षेत्र में चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को पुलिस ने जिला न्यायालय परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अजय भटेजा की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य कारण था। आरोप है कि अमित भटेजा अपने भाई से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार अमित ने शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को संपत्ति में हिस्सा देने का लालच देकर अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी।
जांच के दौरान पुलिस पहले ही हत्या को अंजाम देने वाले राजन उर्फ जैकी और उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया था कि पूरी साजिश अमित भटेजा ने रची थी। योजना के तहत अजय भटेजा की उनके घर में हत्या कर दी गई थी।
घटना के खुलासे के बाद से अमित भटेजा फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से संपत्ति और वाहनों से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में राजपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को हत्याकांड के खुलासे और मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के रूप में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

