परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर सरकार ने मांगा कांग्रेस का साथ, राहुल गांधी ने रखी दो शर्तें

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर सरकार ने मांगा कांग्रेस का साथ, राहुल गांधी ने रखी दो शर्तें

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत की कोशिशें तेज हो गई हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर कांग्रेस का समर्थन मांगा।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के मुद्दे पर सदन में चर्चा नहीं होती और 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह बयान नहीं देते, तब तक विपक्ष सदन चलने नहीं देगा।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी से मुलाकात के बाद किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृह मंत्री अमित शाह से भी संसद में बने गतिरोध पर चर्चा की।

सरकार को उम्मीद है कि बदले हुए संख्या बल के आधार पर वह इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े लंबित विधेयकों को आगे बढ़ा सकेगी। वहीं विपक्ष छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति पर कायम है।

सरकार का कहना है कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग का निर्णय स्थानीय मजिस्ट्रेट के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि गृह मंत्री के। विपक्ष इस तर्क को खारिज करते हुए सदन में गृह मंत्री के बयान की मांग पर अड़ा हुआ है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement