अमेरिका: कैलिफोर्निया की नहर में मिला भारतीय मूल की अजीत कौर का शव, दो महीने से थीं लापता
अमेरिका के कैलिफोर्निया में करीब दो महीने से लापता भारतीय मूल की महिला अजीत कौर का शव नहर से बरामद किया गया है। सेरेस पुलिस विभाग ने शव की पहचान अजीत कौर के रूप में की है। 27 अक्टूबर को स्टैनिस्लॉस काउंटी कोरोनर कार्यालय में उनकी पहचान की पुष्टि हुई। अजीत कौर 23 अगस्त 2026 को सेरेस स्थित कासा ग्रांडे अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स से लापता हुई थीं। उन्हें आखिरी बार तड़के करीब 1:45 बजे व्हिटमोर एवेन्यू और मिशेल रोड के पास देखा गया था।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को टरलॉक इरिगेशन डिस्ट्रिक्ट के एक कर्मचारी को नियमित गश्त के दौरान सेंट्रल एवेन्यू और कीज रोड के पास लोअर लैटरल-3 नहर में शव मिला था। इसके बाद शव को कोरोनर कार्यालय भेजा गया। जांचकर्ताओं का मानना है कि अजीत कौर अपार्टमेंट परिसर के पूर्वी हिस्से में स्थित नहर की ओर चली गई होंगी।
महिला की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया था। इस दौरान खोजी कुत्तों (K9) की मदद ली गई और स्टैनिस्लॉस काउंटी शेरिफ विभाग की डाइव यूनिट ने पानी के भीतर रिमोट सोनार ड्रोन से नहरों की तलाशी भी ली थी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




