झारखंड: जगन्नाथपुर में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगाड़ा गांव में बुधवार सुबह 35 वर्षीय सलमी सिंकू की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति मंगिल सिंकू ने गैता से सिर पर कई वार कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना सुबह करीब चार बजे हुई, जब मृतका का बुजुर्ग ससुर शौच के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान घर का दरवाजा बंद कर दिया गया और सलमी पर हमला किया गया। महिला की चीख-पुकार सुनाई देने के बावजूद ससुर असहाय रहा। घटना के समय मृतका के बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने आरोपी पति मंगिल सिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह कुछ दिन पहले घर से चला गया था और परिजन उसे सोमवार को वापस लेकर आए थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने भी मामले की जानकारी ली। फिलहाल हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




