राजस्थान में पहली बार जेन जी के लिए अलग यूथ बजट
राजस्थान सरकार वित्तीय वर्ष 2027-28 में पहली बार जेन जी और युवाओं पर केंद्रित अलग यूथ बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर वित्त विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। कृषि बजट की तर्ज पर अलग युवा बजट तैयार किया जाएगा, जिसमें युवाओं से जुड़ी योजनाओं और खर्च को शामिल किया जाएगा।
यूथ बजट तैयार करने और खर्च की निगरानी के लिए युवा मामले एवं खेल विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों को इसके लिए गाइडलाइन भेजी है। नोडल विभाग सभी विभागों की कार्ययोजनाओं में समन्वय करेगा और इसके लिए अलग यूथ बजट सेल बनाए जाने की तैयारी है।
सरकार की योजना में शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, खेल और युवाओं से जुड़े अन्य क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। वित्त विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जेन जी पर विशेष फोकस के साथ इस तरह का अलग बजट पेश करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य होगा।





