स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक की लॉन्चिंग में हो रही देरी को लेकर आरोप लगाया है। मस्क का कहना है कि कुछ चुनिंदा उद्योगपति अपनी मौजूदा मोनोपॉली बनाए रखने के लिए स्टारलिंक की भारत में एंट्री की राह में रुकावटें पैदा कर रहे हैं।
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जवाब में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारतीय जनता पर अपना एकाधिकार बनाए रखने के लिए स्टारलिंक को रोक रहे हैं। हालांकि, मस्क ने अपने पोस्ट में किसी उद्योगपति या कंपनी का नाम नहीं लिया है।
स्टारलिंक का लक्ष्य भारत के दूरदराज इलाकों और गांवों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना बताया गया है, जहां अभी ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी सीमित है या मौजूदा सेवाएं महंगी हैं। भारत में सेवा शुरू करने को लेकर कंपनी को नियामकीय और अन्य प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं।





