एक साल से खुदी पड़ी सड़क पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गड्ढे में बैठकर जताया आक्रोश
इंद्रा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण न होने पर कांग्रेस का ऐलान—शीघ्र निर्माण नहीं हुआ तो PWD कार्यालय में होगी तालाबंदी
रुद्रपुर-नैनीताल मुख्य मार्ग पर इंद्रा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर दिखाई दिया। करीब एक वर्ष पूर्व सड़क निर्माण की घोषणा के बाद सड़क को खोद तो दिया गया, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार मुसीबत बने हुए हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुदी हुई सड़क के गड्ढे में बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेसजनों का आरोप है कि सड़क की दुर्दशा के कारण आए दिन वाहन गड्ढों में गिर रहे हैं और राहगीर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पीसीसी सदस्य मोहन खेड़ा ने कहा कि लगभग एक वर्ष पहले रुद्रपुर के नेताओं ने कई बार नारियल फोड़कर सड़क निर्माण के बड़े-बड़े दावे किए थे,लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क को तोड़कर गहरे गड्ढे जरूर कर दिए गए, लेकिन निर्माण कार्य आज तक अधूरा पड़ा है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, इसके बावजूद सरकार के जनपद प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को यह समस्या दिखाई नहीं दे रही है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग को एक साल तक सड़क का निर्माण नहीं करना था तो सड़क को तीन-चार फीट गहराई तक खोदकर जनता को मुसीबत में डालने की क्या आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और आज भी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और राहगीरों को चोटें लग रही हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।
संजय जुनेजा ने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, अब सड़क चाहिए। एक वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बाद भी यदि विभाग सड़क का निर्माण पूरा नहीं कर पाया है तो यह विभागीय लापरवाही का गंभीर उदाहरण है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा शीघ्र ही इंद्राचौक से बस अड्डे तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे। इसके तहत लोक निर्माण विभाग कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा साथ ही में तालाबंदी भी की जाएगी।
धरना प्रदर्शन में पार्षद सौरभ राज बेहड,पार्षद इंद्रजीत सिंह, राजू कोली राकेश कोली,सुनील जड़वानी, साजिद खान, विजय गुप्ता, उमर अली, मोहन कुमार, कुंवर पाल कोली, अमित अरोरा,संजीव चौहान, सुरेंद्र सिंह, विकास मल्लिक,मनीष बावरा, रनजीत तिवारी,राजेंद्र मिश्रा, अर्जुन विश्वास,फरमान सिद्दीकी देवानंद स्वर्णकार सहित अनेको कांग्रेस जन उपस्थित थे





