प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार सेवा और दृढ़ इच्छा शक्ति के मूल मंत्र से आगे बढ़ रही है : मदन कौशिक

काशीपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति के मूलमंत्र पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी डबल इंजन के दम को महसूस किया जा सकता है। हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने जा रहे श्री कौशिक यहां बाजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्त कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2014 से पहले और इसके बाद से अब तक की विभिन्न योजनाओं के आंकड़े रखते हुए इसके अंतर को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। आठ साल के कालखंड में कई ऐसे विषयों का समाधान हुआ, जो वर्षों से लटके हुए थे।

कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन के बूते अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने केदारनाथ में कहा था कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा। ये बात आज सच साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की उपलब्धियों की आमजन को जानकारी देने के उद्देश्य से 15 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसमें पहला दिन किसान, दूसरा महिला, तीसरा अनुसूचित जाति, चौथा जनजाति, पांचवां पिछड़ा वर्ग, छठवां समाज के कमजोर वर्ग, सातवां शहरी गरीब, आठवां विभिन्न आयु समूह, नौवां टीकाकरण व स्वास्थ्य सेवकों का सम्मान और 10वां दिन केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क के लिए समर्पित किया गया है।

अभियान के दौरान बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम भी चलेगा। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री, नगर व ग्रामीण निकायों के अध्यक्ष, महापौर व सदस्य लगातार 75 घंटे तक जनता से संपर्क करेंगे। सभी जिलों में पत्रकार वार्ता भी होगी। इसमें भी मोदी सरकार के आठ साल समेत अन्य विषयों पर चर्चा होगी। गढ़वाल व कुमाऊं में एक-एक केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम भी तय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के शासनकाल में राज्य में अब तक छह लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने विधानसभा का बजट सत्र गैरसैंण की बजाय दून में आयोजित करने के निर्णय को सही ठहराया। साथ ही चुनावी घोषणा पत्र के बिंदुओं पर अमल करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद दिया। इस दौरान मेयर उषा चौधरी, राम मेहरोत्रा, बलराज पासी, गुरविंदर सिंह चंडोक, मोहन बिष्ट व गंधार अग्रवाल आदि थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement