उत्तर प्रदेश: आजम खां के खिलाफ 2019 से मुकदमों का सिलसिला, 16 मामलों में फैसला
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां दो पैन कार्ड मामले में एक साल जेल में रहने के बाद रिहा हो गए हैं। 17 नवंबर 2025 को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई थी। 18 नवंबर 2026 को डासना जेल से उनकी रिहाई हुई। साल 2019 से आजम खां और उनके परिवार के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए, जिसके चलते उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा।
आजम खां के खिलाफ अब तक 16 मुकदमों में फैसला आ चुका है। इनमें आठ मामलों में उन्हें बरी किया गया, जबकि आठ मामलों में सजा हुई है। मुकदमों का सिलसिला 2019 में शुरू हुआ और इसके बाद लगातार कानूनी कार्रवाई होती रही। कई मामलों में आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं और अदालतों में सुनवाई जारी है। इसी साल 13 अक्टूबर को ईडी की ओर से भी अजीमनगर थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया गया था।
आजम खां ने पहली बार 26 फरवरी 2020 को दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ अदालत में आत्मसमर्पण किया था। तीनों को जेल भेजा गया और 20 मई 2022 को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर रिहाई हुई। इसके बाद 18 अक्टूबर 2023 को दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में तीनों को सात-सात साल की सजा सुनाई गई। आजम खां को सीतापुर जेल भेजा गया, जहां से 23 सितंबर 2025 को करीब 23 महीने बाद जमानत पर रिहाई मिली। हालांकि, इसके बाद दो पैन कार्ड मामले में सजा होने के कारण उन्हें फिर जेल जाना पड़ा और अब एक साल बाद उनकी रिहाई हुई है।




