छत्तीसगढ़: दुर्ग में विनबज्ज ऐप से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: दुर्ग में विनबज्ज ऐप से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने विनबज्ज ऐप के जरिए संचालित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। चौकी स्मृतिनगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने राजा गार्डन स्थित एक मकान पर छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23) और डिकेश प्रसाद तिवारी (22) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों मासिक वेतन पर सट्टा संचालन का काम करते थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 4.93 लाख रुपये नकद समेत तीन लैपटॉप, एक आईपैड, 18 स्मार्टफोन, 22 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक और चार एयरटेल बैंक के क्यूआर कोड स्कैनर जब्त किए हैं। इसके अलावा चार होंडा एक्टिवा स्कूटर और एक एयरटेल वाई-फाई डिवाइस भी बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में सट्टे के लेन-देन के लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबार चला रहा था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू सहित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement