राजस्थान: जयपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, मां ने लगाए मारपीट के आरोप
जयपुर के मुहाना थाने में पूछताछ के लिए लाए गए 19 वर्षीय युवक ऋतुराज की एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि 20 सितंबर को पुलिस पूछताछ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।
करीब 15 दिन तक इलाज चलने के बाद युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक मध्य प्रदेश के मंदसौर का रहने वाला था। घटना के बाद उसकी मां ने पुलिस पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पुलिस की पिटाई से बेटे की तबीयत बिगड़ी।
मृतक की मां ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने धमकाकर पांच लोगों के खिलाफ जबरन मुकदमा दर्ज करवाया। मामले में पुलिस हिरासत के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ने और मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।





