छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बचे हुए और अनुपयोगी विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान धमाका हो गया। इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। हादसा गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम भेज्जी थाना क्षेत्र में एलारमाडगु सुरक्षा कैंप के पास हुआ।
घायल जवानों की पहचान एएसआई एमके तिवारी, इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा, एएसआई अनीस खान और हेड कांस्टेबल कुलदीप राज के रूप में हुई है। इनमें एमके तिवारी और अनीस खान की हालत गंभीर बताई गई है। सभी जवान विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया में शामिल थे।
धमाके के बाद घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देकर कोंटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में भेजने की व्यवस्था की जा रही है।





