उत्तर प्रदेश: एमएलसी चुनाव में भाजपा ने जीतीं 4 सीटें, सपा को 2 पर जीत
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना दूसरे दिन भी जारी है। शुरुआती नतीजों के अनुसार, 11 सीटों में से भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि समाजवादी पार्टी के खाते में दो सीटें आई हैं। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है। वोटों की गिनती लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जा रही है।
लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। उन्होंने सपा प्रत्याशी सुशील कुमार को 4,818 मतों से हराया। इस जीत के साथ उमेश द्विवेदी ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखी।
वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती जारी है। वाराणसी स्नातक खंड सीट पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने दूसरे चक्र में भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह पर करीब 2,900 मतों की बढ़त बनाई। इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। 152 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला 14.81 लाख मतदाताओं के मतों से होना है।




