छत्तीसगढ़: हाउसिंग बोर्ड अब आवास के साथ अधोसंरचना विकास पर भी देगा जोर
छत्तीसगढ़ के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेश के आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। अब मंडल का काम केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क, पुल, खेल सुविधाओं, सार्वजनिक भवनों, टाउन प्लानिंग और शहरी पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं में भी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधुनिक तकनीक, नवाचार और बेहतर वित्तीय प्रबंधन अपनाना जरूरी है।
नवा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार हाउसिंग बोर्ड को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर संस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने, नई निर्माण तकनीकों को अपनाने तथा परियोजनाओं के चयन और कार्यप्रणाली में सुधार पर जोर दिया जा रहा है।
ओपी चौधरी के अनुसार, राज्य सरकार ने मंडल की लगभग 700 करोड़ रुपये की ऋण देनदारी समाप्त कर उसे वित्तीय राहत दी है। लंबे समय से खाली पड़ी संपत्तियों की बिक्री के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना भी लागू की गई, जिससे संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिला। मंत्री ने कहा कि भविष्य में नई आवासीय परियोजनाएं मांग और बुकिंग की स्थिति को ध्यान में रखकर शुरू की जाएंगी, ताकि मंडल की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिल सके।




