मध्य प्रदेश: भोपाल में CM मोहन यादव का छात्रों से सवाल, 2027 होगा युवा वर्ष
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के ओरिएंटल कॉलेज में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद-2026’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। राष्ट्रीय सुरक्षा पर चर्चा के दौरान उन्होंने छात्रों से पूछा कि क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? विद्यार्थियों ने जवाब दिया—नहीं। इसके बाद कार्यक्रम में तालियां गूंज उठीं। संवाद में राष्ट्रीय सुरक्षा, लोकतंत्र और देश के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के रोजगार, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने के निर्णय का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मतदाता सूची की शुद्धता और मतदान प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सही मतदाता सूची महत्वपूर्ण है और चुनाव आयोग इसके लिए विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न प्रक्रियाएं अपनाता है। उन्होंने खेलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए युवाओं को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के सरकारी प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, कॉलेज अध्यक्ष प्रवीण ठकराल सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।




