राजस्थान: बांसवाड़ा में तेज रफ्तार ट्रॉले ने तीन दोस्तों को कुचला, मौके पर मौत
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-56 पर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। शुक्रवार रात लसोड़िया पाड़ी के पास हाईवे किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भड़वेल निवासी सुनील पटेल (25) हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान सेंड नानी निवासी अंकित मछार (21) और संदलाई बड़ी निवासी धनपाल डोडियार (21) बाइक से वहां पहुंचे। दोस्त को देखकर दोनों ने बाइक रोक दी और तीनों सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान भील कुआं की ओर से आ रहे ट्रॉले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में जान गंवाने वाले धनपाल डोडियार आठ बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।




