मध्यप्रदेश: भोपाल में दोस्त ने युवती को कार में पीटा, चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान

मध्यप्रदेश: भोपाल में दोस्त ने युवती को कार में पीटा, चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान

भोपाल। दोस्त को दिए गए कीमती सामान वापस मांगना एक युवती के लिए मुसीबत बन गया। आरोप है कि सामान लौटाने की बात पर हुए विवाद के बाद युवक उसे खाना खिलाने के बहाने कार में बैठाकर ले गया और राजहंस ढाबे के पास उसके साथ मारपीट की। युवक ने विरोध करने पर जान से मारकर फेंकने की धमकी भी दी। किसी तरह युवती ने अपने पिता को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी और मिनाल के पास जेके रोड पर चलती कार से उतरकर वहां से भाग निकली।

पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय युवती मूल रूप से शहडोल की रहने वाली है और भोपाल के 12 नंबर क्षेत्र में रहती है। उसकी पहचान विकास यादव से पिछले दो-तीन वर्षों से थी। युवती का आरोप है कि 26 अक्टूबर को युवक उसके फ्लैट से लैपटॉप, तीन महंगी घड़ियां, सोने का कड़ा और चांदी का ब्रेसलेट ले गया था। 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे जब उसने अपना सामान वापस मांगा तो युवक ने बताया कि सामान उसके साथी सोहेल के पास है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

युवती ने बताया कि कार में मारपीट और धमकी के बाद उसने पिता को वीडियो कॉल कर अपनी आपबीती बताई। इसके बाद वह जेके रोड पर कार से उतरकर रैपिडो के जरिए घर पहुंची। युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका है। हबीबगंज थाना प्रभारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी विकास यादव की तलाश की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement