कनाडा: जलती कार में मिला भारतीय युवक का शव, टारगेट किलिंग की आशंका
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव जलती हुई कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है। तुषार शर्मा मूल रूप से सरे (Surrey) के रहने वाले थे। पुलिस को कार में इंसानी अवशेष मिले थे, जिनकी पहचान बाद में तुषार के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे लैंगली के रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने के दौरान वाहन के अंदर मानव अवशेष देखे। इसके बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। जांच में लैंगली RCMP, फोरेंसिक टीम और बीसी कोरोनर्स सर्विस भी सहयोग कर रही हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि तुषार की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थे। फिलहाल टारगेट किलिंग की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




