मध्य प्रदेश: भैंस चोरों को पकड़ने वाले ही बने आरोपी, पुलिस पर 7 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप
मध्य प्रदेश के ब्यावरा जिले के कालीपीठ थाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां भैंस चोरी के आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने वाले लोगों पर ही अपहरण का केस दर्ज कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मुकदमे से बचाने के नाम पर सात लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। मामले में भोपाल लोकायुक्त ने एफआईआर दर्ज की है।
मगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर के मुताबिक, उनके रिश्तेदारों की भैंसें चोरी हो गई थीं। परिवार के लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया। अगले दिन थाने पहुंचने पर भैंसें लौटाने की बात कही गई, लेकिन अब तक केवल एक भैंस वापस मिली है। आरोप है कि चोरी के आरोपियों को पकड़ने वालों पर ही अपहरण का मामला दर्ज कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने 17 नवंबर को भोपाल लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी। आरोप है कि रिश्वत का सौदा दो लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें 50 हजार रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। शेष डेढ़ लाख रुपये लेने की तैयारी थी, लेकिन लोकायुक्त कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी रकम लेने नहीं पहुंचे। लोकायुक्त ने कालीपीठ थाने के एसएआई मीणा, हेड कांस्टेबल राहुल, होमगार्ड जवान और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।




