राजस्थान के चूरू जिले में दो साधुओं के बीच झगड़े के बाद एक साधु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक को कथित तौर पर चुपके से समाधि दे दी गई। परिजनों की शिकायत और हंगामे के बाद पुलिस ने करीब 50 घंटे बाद गुरुवार को समाधि से शव बाहर निकलवाया। यह कार्रवाई तहसीलदार अंकित मिमानी की मौजूदगी में की गई।
मृतक की पहचान बन्नानाथ के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सिरसा का रहने वाला था। उसके भाई हंसराज के अनुसार, बन्नानाथ वर्ष 2024 में साधु बना था और पिछले करीब दो साल से चूरू जिले के सांगासर गांव स्थित संत बालकनाथ के आश्रम में रह रहा था।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर छह नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





