छत्तीसगढ़: महादेव बेटिंग ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ओमान से प्रत्यर्पित, आज CBI कोर्ट में पेशी
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में आरोपी प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। सीबीआई की विशेष टीम उसे रविवार को भारत लेकर पहुंची। सोमवार को उसे रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। चंद्राकर पर विदेश से अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क संचालित करने और सरकारी अधिकारियों को कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी देने के आरोप हैं।
सीबीआई के अनुसार, इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने चंद्राकर का पता लगाकर उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। चंद्राकर सीबीआई के दो मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा ईडी के एक मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज है। रायपुर लाने से पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाना है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क विदेश से पैनल और फ्रेंचाइजी के जरिए संचालित होता था। इसके माध्यम से क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाया जाता था। सट्टे से अर्जित रकम को कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों के जरिए कई बार ट्रांसफर कर हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। सीबीआई और ईडी इस मामले में वित्तीय लेनदेन और कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रही हैं। ईडी ने जांच के दौरान चंद्राकर की भारत और विदेश स्थित संपत्तियां भी अटैच की हैं।




