झारखंड: NH-33 पर ट्रक ने बाइक को कुचला, पॉलिटेक्निक छात्र की मौत
चांडिल में मंगलवार सुबह टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चांडिल गोलचक्कर के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पॉलिटेक्निक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों युवक एक ही बाइक से चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों की दोस्ती को अभी एक दिन ही हुआ था। कॉलेज जाते समय अचानक ट्रक की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।





